अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के भद्दौर गांव में खेत से घर लौट रहे एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान भद्दौर गांव निवासी 40 वर्षीय रामकरन के रूप में हुई है। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह आवारा पशुओं से खेत की रखवाली करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची मुसाफिरखाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमीनी विवाद को माना जा रहा वजह
कोतवाल विवेक कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मृतक के भाई और भतीजे के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


