खूंटी। खूंटी-चाईबासा मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कुड़की नाला पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार चारों युवक बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू पहुंचाया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज और गौरव कुमार के रूप में हुई है। वहीं कार चालक मिथुन कुमार को मामूली चोटें आई हैं। सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पूछताछ में युवकों ने खुद को बिहार के पटना का निवासी बताया, लेकिन वे अपना स्पष्ट पता नहीं बता सके। किसी ने कंकड़बाग, तो किसी ने बरिया बस स्टैंड और राजेंद्र नगर का पता बताया, जिससे पुलिस को उनकी पहचान सत्यापित करने में परेशानी हो रही है।
नशे की हालत में होने की आशंका, जांच जारी
घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. रंजय बाला ने बताया कि सभी युवक नशे की हालत में नजर आ रहे थे। उन्होंने शराब के अलावा किसी अन्य मादक पदार्थ के सेवन की आशंका भी जताई है। हालांकि इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए नाले में जा गिरी।
मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवकों के वास्तविक पते, उनके यात्रा मार्ग और दुर्घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


