खूंटी। जिले में स्वास्थ्य विभाग और चौकीदार के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। विधायक रामसूर्या मुंडा की पहल के बाद जिला प्रशासन ने 80 नर्स और 34 चौकीदार समेत कुल 114 पदों पर नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही इसके लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।
डीसी और एसपी के साथ बैठक में हुई थी रिक्त पदों की समीक्षा
विधायक रामसूर्या मुंडा ने बताया कि उन्होंने हाल में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर जिले के विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों की समीक्षा की थी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और चौकीदार के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि दोनों विभागों के कुल 114 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की कार्रवाई की जा रही है।
नवंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने नवंबर माह तक नियुक्ति से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य रखने को कहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से पद खाली रहने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। नई नियुक्तियों से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
विधायक ने युवाओं से अपील की है कि इच्छुक अभ्यर्थी अभी से तैयारी शुरू कर दें। आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।


