पूर्वी सिंहभूम। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित होने वाली नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए मंगलवार को सोनारी स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई। यात्रा में जमशेदपुर से करीब एक हजार शिवभक्त शामिल होंगे।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर हो रहा पंजीयन
पंजीयन शुरू होने के मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संघ की ओर से संपर्क सूत्रों वाले विशेष पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा और पंजीयन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से सेवा का यह कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा के लिए पंजीयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जा रहा है।
सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर जाएंगे श्रद्धालु
विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से करीब एक हजार कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। वहां से जल लेकर श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर पहुंचेंगे।
यात्रा में सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, साकची और मानगो समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों के शिवभक्त शामिल होंगे।
पंजीयन शुरू होते ही बाबा भूतनाथ मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए। पंजीयन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे आशुतोष सिंह और कृष्णा सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी कांवर यात्रा को लेकर शिवभक्तों में काफी उत्साह है।
कार्यक्रम में विकास सिंह, आशुतोष सिंह, कृष्णा सिंह, संजय लाला, किशोर बर्मन, विकास लाल, अरबिंद मिश्रा, शिव शंकर सिंह, कमल नयन दुबे और राहुल कुमार समेत कई सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद थे।


