HomeBreaking Newsरांची रेलवे स्टेशन से 12 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की।

जांच के दौरान संदिग्ध युवक पकड़ाया

रांची आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरपीएफ रांची पोस्ट और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वीआईपी गेट के पास एक युवक काले और हरे रंग का बैग लेकर बैठा मिला।

जांच टीम को देखकर युवक घबरा गया, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम बृजराज यादव (19) बताया। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के मटियारवा गांव का रहने वाला है।

बैग से मिले चार पैकेट, बाजार कीमत करीब छह लाख

पूछताछ में युवक ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चार पैकेट मिले, जिनमें कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम दिया था। इसके बदले उसे प्रति किलोग्राम एक हजार रुपये देने की बात कही गई थी। उसने बताया कि रांची स्टेशन पर आरपीएफ की जांच देखकर मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया।

आरपीएफ ने गांजा को जब्त कर सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments