चतरा। जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घंघरी गांव के समीप चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) किनारे मिले शव की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण चतरा से बिहार के गया सहित अन्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


