नई दिल्ली। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जिम्मेदारी मिलने की अटकलें तेज हो गई हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उनकी जगह श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
अमित शाह से हुई महाराष्ट्र नेताओं की मुलाकात
श्रीकांत शिंदे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र और कल्याण लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की।
पिछले कुछ समय में श्रीकांत शिंदे का राजनीतिक प्रभाव बढ़ा है। महाराष्ट्र में चलाए गए ‘ऑपरेशन टाइगर’ में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। इस अभियान के बाद उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के छह लोकसभा सांसदों ने शिंदे गुट का साथ देने का फैसला किया, जिससे लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।
रवनीत सिंह बिट्टू के इस्तीफे के बाद बढ़ी संभावना
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जिसके चलते उन्होंने मंत्री पद छोड़ा है।
सूत्रों का कहना है कि बिट्टू की जगह श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी से बाहर हुए श्रीकांत शिंदे
इससे पहले श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा थी। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को सौंप दिया है। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया है कि श्रीकांत शिंदे को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी नहीं मिलेगी।


