नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुरली श्रीशंकर को पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि लगातार कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है और इस पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले दिलीप महादु गावित और रजत पदक विजेता मोहम्मद बासिल मोर्सिंगानाकाथी को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए गर्व का विषय है।
उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने सराहा प्रदर्शन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन उनकी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रमाण है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लगातार कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतना मुरली श्रीशंकर के समर्पण और बेहतरीन प्रदर्शन का प्रमाण है।
राजनाथ सिंह और मांडविया ने बताया प्रेरणादायक क्षण
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की सफलता उनकी निरंतरता, मजबूती और अटूट संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुरुषों की पैरा 100 मीटर टी-47 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड 10.71 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले दिलीप महादु गावित और 10.83 सेकंड के साथ रजत पदक जीतने वाले मोहम्मद बासिल को विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष पैरा एथलीट बनकर दिलीप ने इतिहास रच दिया है।


