नई दिल्ली। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को दुनियाभर में जारी कर दिया गया। भारतीय संस्कृति की महागाथा पर आधारित इस फिल्म का ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है।
भव्य अंदाज में पेश होगी रामायण की कथा
प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बनी इस फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स करेगा, जबकि उत्तर भारत में इसे धर्मा प्रोडक्शंस रिलीज करेगा। दो भागों में बनने वाली इस महागाथा का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अरुण गोविल राजा दशरथ, रवि दुबे लक्ष्मण, शोभना कैकेयी, अजिंक्य देव ऋषि विश्वामित्र, कुणाल कपूर भगवान इंद्र और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देंगी।
धर्म और अधर्म के युद्ध की कहानी
फिल्म की कहानी भगवान राम के वनवास से लेकर रावण के साथ हुए धर्म और अधर्म के महायुद्ध तक की यात्रा को भव्य सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करेगी। इसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता हांस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है।
निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास है। वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य इस कालजयी कथा को पूरी श्रद्धा, प्रामाणिकता और भव्यता के साथ बड़े पर्दे पर पेश करना है।


