Homeझारखंडवृद्धाश्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की संवेदनशील पहल, बुजुर्गों के साथ बिताए...

वृद्धाश्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की संवेदनशील पहल, बुजुर्गों के साथ बिताए आत्मीय पल

रांची। नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम में शुक्रवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निरीक्षण के दौरान एक भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त बुजुर्गों का कुशलक्षेम जानने पहुंचे और उनके साथ समय बिताकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और पूरे परिसर में अपनापन और आत्मीयता का माहौल बन गया।

जो बुजुर्ग स्वास्थ्य कारणों से नीचे नहीं आ सके, उनसे मिलने उपायुक्त स्वयं उनके कमरों तक पहुंचे। इसी दौरान चतरा निवासी एक बुजुर्ग ने उनका हाथ थामकर पूछा, “मेरा कोई है का?” इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने उनका हाथ पकड़ते हुए कहा, “हम सब लोग आपके ही हैं।” उनके इस जवाब ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

भजन से गूंजा वृद्धाश्रम परिसर

निरीक्षण के दौरान एक वृद्ध माताजी ने भजन प्रस्तुत किया। उनके स्वर में भक्ति और जीवन के अनुभवों की मिठास घुली हुई थी। भजन के साथ उपायुक्त, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह तथा अन्य अधिकारी भी ताल से ताल मिलाते रहे। इससे पूरा वातावरण श्रद्धा, उल्लास और आत्मीयता से भर गया।

भजन के बाद एक बुजुर्ग ने उपायुक्त से डूरंड कप फुटबॉल मैच देखने की इच्छा जताई। इस पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को इच्छुक बुजुर्गों के लिए डूरंड कप मैच देखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बुजुर्गों को अपने हाथों से खिलाई मिठाई

पिछले निरीक्षण के दौरान बुजुर्गों की पसंद और शौक जानने के बाद इस बार उपायुक्त अपने साथ मिठाइयां लेकर पहुंचे। विशेष रूप से उस वृद्ध महिला की पसंद का ध्यान रखा गया, जिन्होंने पिछली बार मिठाई खाने की इच्छा जताई थी। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण ने अपने हाथों से सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर उनके साथ आत्मीय पल साझा किए।

इसके बाद उपायुक्त ने वृद्धाश्रम के दूसरे तल पर रह रहे बुजुर्गों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सभी ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश

उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को प्रत्येक बुजुर्ग की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धाश्रम परिसर में वर्षा जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने, पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, चापानल स्थापित कराने, साफ-सफाई, हरियाली संरक्षण, बिजली और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा प्रत्येक बुजुर्ग के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया और वहां महिलाओं के लिए बेड, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments