Homeअन्तर्राष्ट्रीयट्रंप के कैलिफोर्निया गोल्फ कोर्स से हथियारबंद संदिग्ध गिरफ्तार

ट्रंप के कैलिफोर्निया गोल्फ कोर्स से हथियारबंद संदिग्ध गिरफ्तार

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से हथियार और प्रतिबंधित गोला-बारूद बरामद हुआ है। इस घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने मंगलवार को बताया कि दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर रविवार को एक हथियारबंद व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। संघीय एजेंटों के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति क्लब परिसर के आसपास घूम रहा था।

सुरक्षा गतिविधियों पर नजर रखने का संदेह

अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान डाउनी निवासी 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एल सेगुंडो में डकैती का एक मामला पहले से दर्ज है।

शेरिफ विभाग ने बताया कि टैले गोल्फ कोर्स के आसपास फोटो और वीडियो बना रहा था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि वह सुरक्षा गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसे छुपाकर हथियार ले जाने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार सीक्रेट सर्विस यह जांच कर रही है कि क्या संदिग्ध व्यक्ति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए किसी प्रकार का खतरा था। गिरफ्तारी की घोषणा उस समय की गई जब ट्रंप कैलिफोर्निया जा रहे एयर फोर्स वन विमान में सवार थे।

घर की तलाशी में हथियारों से जुड़ी सामग्री मिली

लॉस एंजिल्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार टैले ने मंगलवार को चार आरोपों में खुद को निर्दोष बताया। इनमें नवंबर 2025 की डकैती और ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर हुई गिरफ्तारी के बाद दर्ज हथियार संबंधी तीन आरोप शामिल हैं।

शेरिफ विभाग ने बताया कि एफबीआई की संयुक्त आतंकवाद विरोधी टास्क फोर्स ने सोमवार को टैले के घर की तलाशी ली। वहां से एक नोटबुक बरामद हुई, जिसमें एआर शैली की राइफल, .45 कैलिबर की पिस्तौल, बॉडी आर्मर, अधिक क्षमता वाली मैगजीन, गोला-बारूद और रेडियो सिग्नल उपकरणों से संबंधित विवरण दर्ज था। मामले की जांच अभी जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments