मॉस्को। रूस के विदेश मंत्रालय में विशेष दूत रोडियन मिरोशनिक ने दावा किया है कि यूक्रेन के नए सैन्य प्रमुख मिखाइल द्रापाटी की नियुक्ति के बाद रूस पर हमलों की तीव्रता बढ़ गई है। उनके अनुसार 21 जुलाई से अब तक लगभग 950 नागरिक प्रभावित हुए हैं और 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
मिरोशनिक ने कहा कि इस अवधि में कम से कम 45 बच्चे भी प्रभावित हुए, जिनमें से 15 की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नई सैन्य रणनीति के तहत आम बसों, निजी वाहनों, खेती की मशीनों और एम्बुलेंस जैसे नागरिक लक्ष्यों पर हमले बढ़ाए गए हैं।
ड्रोन हमलों में गोदामों को बनाया गया निशाना
रूसी अधिकारियों के अनुसार यूक्रेन ने सोमवार रात रूस पर कई ड्रोन हमले किए और निजी कंपनियों के गोदामों को निशाना बनाया। कार्यवाहक क्षेत्रीय गवर्नर विटाली कोरोल्योव ने बताया कि चेखोव शहर के एक गोदाम पर हुए ड्रोन हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हुए।
मिरोशनिक ने कहा कि द्रापाटी ने अपने पूर्ववर्ती अलेक्जेंडर सिरस्की की नीति को बदला नहीं है, बल्कि पश्चिमी देशों से मिली सैन्य सहायता और बड़ी संख्या में प्राप्त किलर ड्रोन का अधिक आक्रामक तरीके से उपयोग शुरू किया है।
सुमी क्षेत्र में रूसी सेना की बढ़त का दावा
सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित तीसरे रूस-कजाकिस्तान मीडिया फोरम में रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल गलुजिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन रूस के आर्थिक बुनियादी ढांचे पर हमले कर तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
वहीं रूसी सैन्य विशेषज्ञ आंद्रे मारोचको ने दावा किया कि रूसी सेना ने सुमी क्षेत्र में नोवाया सेच के पास यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगा दी है और अब मारिनो बस्ती की ओर दबाव बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि रूसी सैनिक सुमी दिशा, विशेषकर इवोल्झांस्की सेक्टर में अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने 29 जुलाई को नोवाया सेच पर नियंत्रण हासिल करने का दावा किया था।


