पूर्वी सिंहभूम। मुसाबनी थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की शिकायत पर पोटका थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने पोटका थाना क्षेत्र स्थित रंकणी मंदिर के पास छापेमारी कर भगोड़ा सिंह उर्फ रोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले जाने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे शनिवार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाबालिग के बयान समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


