Homeबिहाररेड रिबन क्विज में डुमरी कला हाई स्कूल प्रथम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता...

रेड रिबन क्विज में डुमरी कला हाई स्कूल प्रथम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

सीतामढ़ी। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एमपी हाई स्कूल, डुमरा के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का प्रसार करना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

प्रतियोगिता में जिले के 65 विद्यालयों से दो-दो विद्यार्थियों के हिसाब से कुल 130 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रारंभिक लिखित परीक्षा के आधार पर पांच विद्यालयों के 10 प्रतिभागियों का चयन फाइनल मौखिक दौर के लिए किया गया, जहां प्रतिभागियों ने एचआईवी जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के प्रभावशाली उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया

फाइनल मुकाबले में प्लस टू हाई स्कूल, डुमरी कला की छात्रा लक्ष्मी कुमारी और अनुराग कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हाई स्कूल बेला शांति कुटी के आयुष कुमार और मीनाक्षी कुमारी द्वितीय तथा मनियारी हाई स्कूल के अविनाश कुमार और सिद्धार्थ आनंद तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. जेड. जावेद ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं तक एचआईवी/एड्स से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है। विजेता प्रतिभागियों को डॉ. जेड. जावेद और डीआईएस राजेश कुमार ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली डुमरी कला हाई स्कूल की टीम अब राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सीतामढ़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments