काठमांडू। नेपाल के रोल्पा जिले में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। हादसा थबाड़ गांवपालिका के उवा कोटलबार में हुआ। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
11 घर मलबे में दबे, कई परिवार प्रभावित
पुलिस के अनुसार, कोटलबार गांव के ऊपरी हिस्से में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में आने से 11 घर दब गए। हादसे में पांच लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए, जबकि बाढ़ के तेज बहाव में बहने वाले पांच अन्य लोगों के शव प्युठान जिले में मिले। मृतकों में पांच साल के बच्चे से लेकर 85 वर्ष के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
घटनास्थल से 18 वर्षीय शांति पुन मगर, 60 वर्षीय कमलबहादुर पुन मगर, 80 वर्षीय मनरखी पुन मगर, 75 वर्षीय डलबहादुर पुन मगर और 85 वर्षीय हस्तकला रोका मगर के शव बरामद किए गए हैं।
घायलों ने पुलिस को दी घटना की जानकारी
मलबे की चपेट में आने से 22 वर्षीय हिमाल पुन मगर और 25 वर्षीय संजय घर्ती घायल हुए हैं। दोनों ने रात में पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। उनका बुटवल में इलाज चल रहा है।
जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक कृष्ण श्रेष्ठ के अनुसार, रोल्पा की लुंग्री नदी और प्युठान की माडी नदी के अलग-अलग स्थानों से पांच अन्य शव बरामद किए गए हैं।
प्युठान में मिले शवों की पहचान 38 वर्षीय जुन कुमारी पुन मगर, पांच वर्षीय अशोक पुन मगर, 80 वर्षीय बलबहादुर पुन मगर, 66 वर्षीय मनी पुन मगर और 34 वर्षीय महेंद्र घर्ती के रूप में हुई है।
पुलिस निरीक्षक श्रेष्ठ ने बताया कि नौ घर, एक दुकान, दो गोठ और एक चर्च पूरी तरह मलबे में दब गए हैं। तीन लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।



