Homeबिहारपूर्वी चंपारण में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

पूर्वी चंपारण में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में तिरंगा फहराया गया। मुख्य समारोह मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित हुआ, जहां राज्य के पंचायती राज मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।

ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों को मजबूत करते हुए सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन और आम लोगों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित जिले के वरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने आवासीय कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी स्वर्ण प्रभात ने ध्वजारोहण किया, जहां जिलाधिकारी समेत जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अरुण कुमार ने तिरंगा फहराया। नगर निगम कार्यालय में महापौर प्रीति गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. लालबाबू गुप्ता और नगर आयुक्त आशीष कुमार भी मौजूद रहे। जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्षा ममता राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासन की ओर से महादलित टोले में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में टोले के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस पहल के माध्यम से सामाजिक समरसता और सभी वर्गों की स्वतंत्रता दिवस समारोह में भागीदारी का संदेश दिया गया।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाल उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद समाहरणालय परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताया। पूरे जिले में दिनभर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments