मोतिहारी। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शनिवार को मोतिहारी में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कचहरी चौक स्थित डाकघर परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने अटल जी के मोतिहारी से जुड़े संघर्ष और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया।
राधा मोहन सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का मोतिहारी से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर 1974 को अटल जी मोतिहारी पहुंचे थे। यहां उन्होंने नगर भवन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया था और लोकतंत्र की रक्षा तथा नागरिक अधिकारों के लिए जेल में बंद लोगों से मिलने के उद्देश्य से प्रदर्शन किया था। कचहरी चौक पर रुकने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी आवास पर धरना दिया। इसके बाद 24 सितंबर 1974 को उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
सांसद ने कहा कि चंपारण की धरती हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की गवाह रही है। वर्ष 1917 में महात्मा गांधी ने किसानों के शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। वर्ष 1940 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया और आजादी के बाद वर्ष 1974 में अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकतंत्र तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए इसी धरती से संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि गांधी, सुभाष और अटल तीनों ही महापुरुषों का चंपारण से जुड़ा संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने घोषणा की कि इसी वर्ष मोतिहारी में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित कर एक भव्य ‘प्रेरणा पार्क’ विकसित किया जाएगा।
राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रस्तावित प्रेरणा पार्क चंपारण के संघर्ष, त्याग, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक चेतना की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। पार्क में तीनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और विचारों को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिब्बुल हक, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, युवा मोर्चा अध्यक्ष बबलू पासवान सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया।



