लंदन। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने आखिरकार अपने तीसरे प्रयास में द हंड्रेड का खिताब जीत लिया। टिम सेफर्ट की तूफानी 72 रन की पारी के दम पर सुपर जायंट्स ने फाइनल में शीर्ष पर रहने वाली ट्रेंट रॉकेट्स को पांच विकेट से हराकर पहली बार पुरुष द हंड्रेड की ट्रॉफी अपने नाम की।
इस जीत के साथ मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने फाइनल में मिली पिछली दो हार का हिसाब भी चुकता कर दिया। टीम को 2022 में ट्रेंट रॉकेट्स और 2023 में ओवल इनविंसिबल्स के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
नूर अहमद ने दिलाई रॉकेट्स को शुरुआती सफलता
पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेंट रॉकेट्स ने फिन एलन और बेन डकेट के बीच 48 रन की साझेदारी से अच्छी शुरुआत की। हालांकि अफगानिस्तान के कलाई के स्पिनर नूर अहमद ने चार गेंदों के भीतर दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद एनीयूरिन डोनाल्ड ने नूर अहमद के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पहली छह गेंदों पर 17 रन बनाए। वह 19 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए और रॉकेट्स का स्कोर 97/5 हो गया।
ग्रेगरी और सैंटनर ने संभाला मोर्चा
मुश्किल में फंसी ट्रेंट रॉकेट्स को लुईस ग्रेगरी और मिशेल सैंटनर ने संभाला। ग्रेगरी ने लियाम डॉसन और गस एटकिंसन के खिलाफ लगातार छक्के लगाकर आखिरी 30 गेंदों में 61 रन जुटाए। उनकी उपयोगी पारी की बदौलत रॉकेट्स ने 100 गेंदों में 158/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया और मैनचेस्टर के सामने 159 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को टिम सेफर्ट ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिया। उन्होंने मोहम्मद आमिर के शुरुआती पांच गेंदों पर 14 रन बटोरे और पॉल वाल्टर के साथ सिर्फ 31 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। सेफर्ट ने 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 38 गेंदों में सात छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
इस प्रदर्शन के लिए सेफर्ट को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 394 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर ने 14 गेंदों में 23 रन की तेज पारी खेली, जबकि लुस डु प्लॉय ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।
डॉसन के छक्के ने दिलाया ऐतिहासिक खिताब
सेफर्ट के आउट होने के बाद ट्रेंट रॉकेट्स ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की। हेनरिक क्लासेन शानदार कैच पर आउट हुए, जबकि माइकल ब्रेसवेल दूसरी गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। मुकाबला आखिरी पांच गेंदों तक पहुंच गया।
दबाव के बीच लियाम डॉसन ने शानदार संयम दिखाया। उन्होंने बेन सैंडरसन की गेंद को मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। इस छक्के के साथ मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 98 गेंदों में 162/5 रन बनाकर पांच विकेट से जीत दर्ज की और पहली बार द हंड्रेड का खिताब अपने नाम किया।
संक्षिप्त स्कोर : ट्रेंट रॉकेट्स 158/8 (एनीयूरिन डोनाल्ड 38, लुईस ग्रेगरी 32, बेन डकेट 31; नूर अहमद 3/33, सन्नी बेकर 2/34)। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स 162/5 (टिम सेफर्ट 72; मोहम्मद आमिर 3/29, कैल्विन हैरिसन 2/30) ने पांच विकेट से जीत दर्ज की।



