मानसिक रूप से दिव्यांग नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रभु महतो (40) को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया है।

घर में अकेली थी पीड़िता

जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीड़िता घर में अकेली थी। उसके पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं, जबकि मां बकरी चराने गई हुई थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला प्रभु महतो जबरन घर में घुसा और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों के आवेदन के अनुसार आरोपी ने बच्ची के साथ मारपीट भी की, जिससे वह बेहोश हो गई।

मां ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा

बकरी चराकर घर लौटी मां ने आरोपी को बच्ची के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां के लिखित आवेदन के आधार पर गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *