HomeBreaking Newsआदित्य साहू ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार किया ग्रहण, कहा बूथ...

आदित्य साहू ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार किया ग्रहण, कहा बूथ से प्रदेश तक बनेगी मजबूत भाजपा

रांची। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को वसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्रदेश कार्यालय में पूजा-पाठ और हवन के बाद पदभार ग्रहण किया। पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें अध्यक्ष के आसन पर आसीन किया और पुष्पगुच्छ व मिठाई देकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने भी भाग लिया।

पदभार ग्रहण के बाद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड भाजपा की उर्वरा भूमि है, जहां कार्यकर्ताओं में जोश, ऊर्जा और देश-राज्य सेवा का जज्बा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा को बूथ से लेकर प्रदेश तक मजबूत और धारदार बनाते हुए राज्य में व्याप्त कुशासन के खिलाफ संघर्ष करना है।

साहू ने कहा कि भाजपा ने झारखंड राज्य गठन की पीड़ा सही और राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। झारखंड भाजपा की देन है। श्रद्धेय अटल के सपनों का झारखंड बनाना अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी आज वसंत पंचमी के दिन संकल्प लें कि राज्य में सुशासन लाने के लिए जूझेंगे, संघर्ष करेंगे और राज्य में फिर एकबार भाजपा के नेतृत्व में मजबूत डबल इंजन सरकार बनाएंगे।

आदित्य साहू ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि नेताजी का झारखंड से गहरा नाता था और उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि आज उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के हित में कार्य करेंगे और राज्य सरकार के विरोधी तत्वों को चुनौती देंगे।

नेता प्रतिपक्ष और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर आदित्य साहू को जमीनी स्तर के जुझारू और सक्षम नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने नव नियुक्त अध्यक्ष के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, डॉ. रविंद्र कुमार राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, आरती कुजूर, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह, गणेश मिश्र, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, मुन्ना मिश्र, दुर्गा मरांडी, मनोज महतो वाजपेयी, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments