कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय होने के कारण उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ लगातार वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
जलजमाव और भूस्खलन का खतरा
भारी वर्षा के कारण उत्तर बंगाल के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दक्षिण बंगाल में उमस और हल्की वर्षा
दक्षिण बंगाल में मानसून की गति अपेक्षाकृत धीमी है। हालांकि, चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से कोलकाता समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और बर्धमान में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं, उत्तर बंगाल की यात्रा करने वालों को मौसम संबंधी जानकारी पर नजर रखने और सावधानी बरतने को कहा गया है।

