Homeझारखंडजमशेदपुरबहरागोड़ा पॉलिटेक्निक में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

बहरागोड़ा पॉलिटेक्निक में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा पॉलिटेक्निक कॉलेज में रविवार को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मोन्टू पातर, कॉलेज के उप-प्राचार्य अनुराग कुमार, बीसीए एवं सीएसई विभागाध्यक्ष प्रियारंजन नायक तथा युवा साथी यूथ क्लब के अध्यक्ष और विभिन्न राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके मानव घोष मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी मोन्टू पातर के संबोधन से हुई। उन्होंने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब युवा स्वयं आगे आकर इस अभियान से जुड़ें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उप-प्राचार्य अनुराग कुमार ने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होते हैं।

नशामुक्त भारत की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के उस संदेश को भी साझा किया गया, जिसमें युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई है।

युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नोत्तरी, रंगोली, चित्रकला और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन अवसर पर प्रश्नोत्तरी, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments