पूर्वी सिंहभूम। मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशा मुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को भव्य जागरूकता रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 10 जून से 26 जून तक जिले में संचालित राज्यव्यापी नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान का औपचारिक समापन भी किया गया।
शहर में निकली जागरूकता रैली
उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए साकची गोलचक्कर तक पहुंची। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
बच्चों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
रैली के दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर नशा मुक्त जीवन का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ नारे लगाए और लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की। रैली के बाद मानव श्रृंखला बनाकर सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत हुए कई कार्यक्रम
जिला प्रशासन के अनुसार राज्यव्यापी अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रैली, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, संवाद कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं से शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
