खूंटी। खूंटी के नेताजी चौक के समीप शनिवार को “वर्दी मेरा जुनून” के तत्वावधान में भारतीय सेना में चयनित दो युवाओं लच्छू मुंडा (18) और दुर्गा भेंगरा (19) के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चयनित युवाओं का सम्मान करने के साथ-साथ क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना था।
चयनित युवाओं का हुआ सम्मान
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। सेना में चयनित दोनों युवाओं का पुष्पमालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष शशांक शेखर तथा खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि भारतीय सेना की वर्दी केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, अनुशासन, साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से कठिन परिश्रम और नियमित तैयारी के माध्यम से सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश सेवा करने का आह्वान किया।
‘वर्दी मेरा जुनून’ अभियान से मिल रहा मार्गदर्शन
कार्यक्रम के आयोजक एवं ट्रेनर आनंद राम ने बताया कि “वर्दी मेरा जुनून, खूंटी” अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना और उन्हें सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित प्रशिक्षण और मेहनत से खूंटी जिले के अनेक युवा भारतीय सेना में अपनी पहचान बनाएंगे।
कार्यक्रम का समापन “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ हुआ। पूरे आयोजन में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला और युवाओं ने सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा का संकल्प दोहराया।
