दो सीटों पर जीत के बाद बड़ा ऐलान, आखिर किस सीट को चुना शुभेंदु ने?

कोलकाता। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदीग्राम सीट पर अब उपचुनाव कराया जाएगा और वहां से कोई अन्य प्रतिनिधि विधायक चुना जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले पांच वर्षों तक नंदीग्राम के लोगों को उनकी अनुपस्थिति महसूस नहीं होने दी जाएगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम के विकास के लिए उन्होंने जो भी वादे किए हैं, उन्हें राज्य के अन्य हिस्सों की तरह पूरा किया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2009 से 2016 के बीच नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस विधायक रहीं फिरोजा बीबी का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वह स्वयं विधायक नहीं थे, फिर भी क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग दिया था। उन्होंने कहा कि इस बार भी वह नंदीग्राम के लिए उसी तरह काम करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि, हालिया विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,105 मतों से पराजित किया था। वहीं, नंदीग्राम सीट पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पवित्र कर को 9,665 मतों के अंतर से हराया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और ईंधन बचत संबंधी अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि केवल अत्यावश्यक सुरक्षा वाहन ही काफिले में रखे जाएंगे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि वह नंदीग्राम विधानसभा सीट छोड़ देंगे और भवानीपुर सीट से विधायक बने रहेंगे। हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। बुधवार को उन्होंने भवानीपुर से विधायक के रूप में विधानसभा में शपथ भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *