इम्फाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग अभियानों में सक्रिय उग्रवादियों और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा हथियार, गोला-बारूद, लाखों रुपये की नकदी और संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।
उग्रवादी संगठनों के सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस के अनुसार, थौबल जिले के लांगाथेल खोंगजोम रोड क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय सदस्य कंगाबाम डेनी सिंह उर्फ बोनी (40) को गिरफ्तार किया गया। वहीं, आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों को भी उनके घरों से पकड़ा गया। इनमें संगठन का एक कथित वसूलीकर्ता और इम्फाल वेस्ट का वित्त सचिव शामिल है। इनके कब्जे से दो पिस्तौल, दो बंदूकें और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एक अन्य कार्रवाई में इम्फाल ईस्ट के निवासी निंगथौजाम अकंगनबा मैतेई (27) को वर्ष 2023 के एमपीटीसी पांगेई शस्त्रागार लूटकांड और एक रिहायशी इलाके में हुई गोलीबारी के मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
ड्रग्स तस्करों से ब्राउन शुगर और लाखों रुपये जब्त
चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 2.5 किलोग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, 31.43 लाख रुपये नकद, एक बोलेरो वाहन और नकदी गिनने की मशीन बरामद की।
इससे पहले तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट सीमा स्तंभ-86 के पास सुरक्षा बलों ने पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपित थौबल जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
