Homeझारखंडझारखंड के गिरिडीह में बिहार एसटीएफ ने दो नक्सलियों को किया गिरफ्तार

झारखंड के गिरिडीह में बिहार एसटीएफ ने दो नक्सलियों को किया गिरफ्तार

गिरीडीह। गिरीडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में बिहार के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और गिरीडीह पुलिस के संयुक्त अभियान में भाकपा (माओवादी) संगठन के दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान पंकज यादव (जमुई, बिहार) और पवन सिंह (सतगावा, कोड़रमा) के रूप में हुई है।

पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने सोमवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों के खिलाफ नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद बिहार एसटीएफ दोनों को अपने साथ ले गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों नक्सलियों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में नक्सली घटना से संबंधित मामला दर्ज है। बिहार पुलिस के मुताबिक, दोनों भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं और कई नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना में भी नक्सली गतिविधियों को लेकर केस दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित इन दिनों चरकापत्थर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए थे। इसके बाद से बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस के डर से दोनों नक्सली बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत अंतर्गत मंझलाटोल गांव में छिपकर रह रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पटना एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बेंगाबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंझलाटोल गांव की घेराबंदी कर दोनों नक्सली सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।-

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments