सुजीत सिन्हा की रिपोर्ट
रामगढ़। भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ कैंट मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को नगर कार्यालय में मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र होने के कारण रामगढ़ कैंट पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। जहां भी गड़बड़ी लगे तुरंत आपत्ति दर्ज कराएं और अनमैप्ड वोटर्स की मैपिंग पर विशेष कार्य करें, ताकि एक भी राष्ट्रवादी मतदाता सूची से वंचित न रहे।
बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ और 24 घंटे का प्रवास
प्रदेश उपाध्यक्ष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को हर बूथ पर सुना जाए और उसे ‘सरल ऐप’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मासिक बैठकें भी बूथ स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो ने शक्ति केंद्र पर प्रभारियों को 24 घंटे का रात्रि प्रवास सुनिश्चित करने की रूपरेखा साझा की। नीलकंठ सिंह मुंडा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां पीएम मोदी विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस और विपक्ष ने हमेशा विनाश की राजनीति की है।
शोक सभा में सुबोध सिंह को दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और हुल दिवस के अवसर पर वीर क्रांतिकारी सिद्धू-कानू के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष स्वर्गीय सुबोध सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। बैठक का संचालन नगर महामंत्री ऋषिकेश सिंह और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला, सुरेंद्र महतो, रिद्धि राज और राजू चतुर्वेदी सहित मंडल के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
