HomeBreaking Newsमुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जमशेदपुर में ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थान की रखी नींव

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जमशेदपुर में ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थान की रखी नींव

जमशेदपुर में बनेगा आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थान, परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच एमओयू

रांची। झारखंड में सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना के लिए मंगलवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मौजूदगी में आयोजित समारोह में इस परियोजना की शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग प्रशिक्षण की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस संस्थान की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा।

ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया होगी आसान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद सहित कई जिलों के लाभुकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ड्राइविंग और शिक्षार्थी लाइसेंस की प्रक्रिया, आवेदन की समय-सीमा और आने वाली समस्याओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारी वाहन चालकों के लाइसेंस सहित सभी प्रकार के लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही लंबित आवेदनों की शीघ्र समीक्षा कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्रक्रिया को अधिक आसान बनाया जाएगा, ताकि वे कौशल विकास के जरिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

10 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाइसेंस

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आज 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग और शिक्षार्थी लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाइसेंस प्रक्रिया जितनी पारदर्शी और सरल होगी, उतना ही आम लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने परिवहन विभाग को टाटा मोटर्स के सहयोग से विकसित व्यवस्था की तर्ज पर भारी वाहन लाइसेंस की प्रक्रिया को भी आधुनिक और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी केवल ड्राइविंग प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा, दुर्घटना नियंत्रण, अनुसंधान और नवाचार को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार पिछले कई वर्षों से प्रयास कर रही थी और अब इसका लाभ झारखंड के युवाओं को मिलेगा।

कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, टाटा मोटर्स के प्लांट प्रमुख अनुराग छारिया, महाप्रबंधक गोलम मंडल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments