रांची। जेपीएससी-जेएसएससी सुधार की मांग को लेकर 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव और कुछ छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए रांची बंद के मद्देनजर राजधानी के कई स्कूलों ने छुट्टी या समय में बदलाव का फैसला लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली ने एलकेजी से कक्षा पांच तक की कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। कक्षा छह से 10, कक्षा 11 के बैच-1 और कक्षा 12 के दोनों बैच की पढ़ाई सुबह सात बजे से होगी और 10 बजे छुट्टी कर दी जाएगी। कक्षा 11 के बैच-2 की कक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं, जबकि 10 अगस्त को होने वाली यूनिट टेस्ट परीक्षा अब 17 अगस्त को आयोजित होगी।
डीपीएस रांची में नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों की छुट्टी 11:30 बजे कर दी जाएगी। शारदा ग्लोबल सहित शहर के कुछ अन्य स्कूलों ने भी सोमवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।
हटिया और धुर्वा क्षेत्र के कई स्कूल भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने की आशंका के कारण स्कूल बसों के संचालन को लेकर चिंता जताई गई है। कई स्कूलों की ओर से देर रात तक नए दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के स्कूल से जारी आधिकारिक संदेश और नोटिस पर नजर रखें और उसी के अनुसार स्कूल भेजने का निर्णय लें।


