Homeझारखंडबोकारो में मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी सहित आठ नक्सली ढेर

बोकारो में मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी सहित आठ नक्सली ढेर

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के लूगु पहाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षाबलों को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सुरक्षाबलों और पुलिस के साथ आज सुबह 5:30 बजे के आसपास शुरू किए गए एक विशेष संयुक्त अभियान ‘डाकाबेड़ा‘ में नक्सलियों के साथ कई बार मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक आठ नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से तीन की शिनाख्त हो चुकी है। शेष पांच मृत नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। इस इलाके में अभी सर्च अभियान जारी है। उन्हाेंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए जिन तीन नक्सलियों की पहचान हुई है। उनमें केंद्रीय कमेटी सदस्य एक करोड़ का इनामी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव और जोनल कमेटी मेंबर 10 लाख का इनामी साहब राम मांझी शामिल है। विवेक उर्फ प्रयाग मांझी को नक्सल संगठन में विवेक दा उर्फ फुचना उर्फ नागो मांझी के नाम से जाना जाता था।

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि भाकपा माओवादी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी (केंद्रीय कमेटी सदस्य), सहदेव सोरेन (केंद्रीय कमेटी सदस्य) एवं अन्य 20 से 25 सशस्त्र माओवादियों की सूचना पर संयुक्त बलों के जरिए अभियान चलाया गया जिसमें पुलिस को यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद सेंट्रल कमिटी मेंबर एक करोड़ इनामी सहित आठ नक्सलियों के मारे जाने की घटना ऐतिहासिक है। इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि कहा जा सकता है। डीजीपी ने बताया कि संयुक्त ऑपरेशन ‘डाकाबेड़ा’ अभियान गुप्त सूचना के आधार पर 209 कोबरा बटालियन, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के संयुक्त सहयोग से चलाया गया। यह अभियान नक्सल संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाकर चलाया गया था।

झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में बलिदान हुए जवान का हमने बदला ले लिया है। अब हमारा पूरा फोकस चाईबासा में नक्सलियों को खत्म करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि नक्सली आत्मसमर्पण करें, नहीं तो गोली खाने के लिए तैयार रहें। बहुत जल्द ही झारखंड से नक्सलियों का सफाया कर दिया जायेगा। इससे पूर्व तीन अप्रैल 2023 को चतरा पुलिस ने पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था, जिनमें दो स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य भी थे। दोनों पर 25-25 लाख रुपये का इनाम था। इसके अलावा तीन सब जोनल कमांडर मारे गये थे, जिन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। यानी इन पर कुल इनाम की राशि 65 लाख रुपये थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments