Homeअन्तर्राष्ट्रीयपुष्कर जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, बच्ची समेत तीन...

पुष्कर जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, बच्ची समेत तीन की मौत

नागौर। सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान के लिए जा रहे एक परिवार की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नागौर जिले के जसनगर क्षेत्र में निजी बस और इको कार की आमने-सामने टक्कर में सात वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह लूनी नदी की रपट के पास हुआ। कार में जैतारण क्षेत्र से एक ही परिवार के नौ सदस्य सवार थे, जो पुष्कर स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जसनगर से आनंदपुर कालू की ओर जा रही एक निजी बस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

मौके पर तीन लोगों की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जसनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान जितेंद्र सिंह (40), शीला (35) और सात वर्षीय मन्नू के रूप में हुई है। तीनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

तीन घायलों को जयपुर रेफर

हादसे में घायल छह लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उन्हें जैतारण भेजा गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया है।

जसनगर थानाधिकारी छीतरमल ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग मूल रूप से करौली जिले के निवासी हैं और वर्तमान में ब्यावर जिले के जैतारण क्षेत्र में मजदूरी करते हैं।

बस के सभी यात्री सुरक्षित

हादसे के बावजूद बस में सवार करीब 20 यात्री सुरक्षित रहे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments