फतेहपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के तहत फतेहपुर जिले के विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत गम्हरी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में स्वास्थ्य, आईसीडीएस, शिक्षा, कृषि, उद्यान और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। ग्रामीणों ने योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में उत्साह दिखाया।
प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए।
राशन और बिजली समस्याओं के समाधान पर जोर
मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जाए और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर विधायक विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
