दुमका में पिता बना बेटी का हत्यारा, बचाने पहुंचे बुजुर्ग की भी मौत

दुमका। दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी 13 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटी को बचाने पहुंचे गांव के एक बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटी को बचाने पहुंचे बुजुर्ग पर भी किया हमला

मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13) और दूसरे मृतक की पहचान 68 वर्षीय सरजू मंडल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। बच्ची की चीख सुनकर सरजू मंडल बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सरजू मंडल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

शव कुएं में फेंकने का आरोप

मारपीट में गंभीर रूप से घायल पुड़की कुमारी की भी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद मनोज मंडल ने बेटी के शव को गांव के एक कुएं में फेंक दिया, ताकि मामले को छिपाया जा सके।

आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *