जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के टीचर कॉलोनी, डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के पास चोरों ने लगातार दो रातों तक 10 दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार और शनिवार रात हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत फैल गई है।
आठ दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान ले उड़े
शनिवार देर रात चोरों ने आठ दुकानों के ताले और शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। निशाना बनी दुकानों में श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर सहित कई प्रतिष्ठान शामिल हैं। कई दुकानों से गल्ले में रखी नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया गया, जबकि कुछ दुकानों में ताले तोड़े गए लेकिन सेंट्रल लॉक नहीं खुलने से चोरी नहीं हो सकी।
व्यापारियों में रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय व्यवसायी सर्वजीत तिवारी ने बताया कि दो रात में कुल 10 दुकानों में चोरी हुई है। शनिवार रात अकेले आठ दुकानों को निशाना बनाया गया। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में भय और नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
