रांची के संग्रामपुर शिव मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी

रांची। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित संग्रामपुर गांव के प्राचीन शिव मंदिर में रविवार सुबह शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

प्रतिदिन की तरह सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने शिवलिंग को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराते हुए कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मंदिर परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

पुलिस उपाधीक्षक अमर पांडेय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *