नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर नीट परीक्षा को लेकर छात्र आंदोलन के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की पेशकश की। उन्होंने विपक्ष से चर्चा कर इस विषय पर पर्याप्त समय तय करने का अनुरोध किया।
अमित शाह ने पत्र में कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सरकार की ओर से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमति दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आग्रह पर मौजूदा सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन उस दौरान विपक्ष के किसी सांसद ने नीट परीक्षा से जुड़ा कोई विषय नहीं उठाया। इसके बावजूद सरकार इस मुद्दे पर फिर चर्चा के लिए तैयार है।
विपक्ष के सवालों का जवाब देने को तैयार
गृहमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से आज से इस मुद्दे पर जितना समय उचित समझा जाए, वह निर्धारित किया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय के दौरान वह सदन में मौजूद रहकर चर्चा में हिस्सा लेना चाहते हैं और विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
शाह ने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा और संवाद के माध्यम से ही समाधान निकलता है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं में अपने अटूट विश्वास का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद चर्चा और संवाद के लिए है।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्षी नेताओं से बातचीत कर सदन में सकारात्मक माहौल बनाने का आग्रह किया, ताकि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्य नीट छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रख सकें।


