Homeराष्ट्रीयभारत में दुनिया के 60% से अधिक जंगली एशियाई हाथी, 33 अभयारण्य...

भारत में दुनिया के 60% से अधिक जंगली एशियाई हाथी, 33 अभयारण्य दे रहे संरक्षण को मजबूती : मोदी

नई दिल्ली। विश्व हाथी दिवस पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाथियों को भारत की पारिस्थितिकी विरासत का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया के 60 प्रतिशत से अधिक जंगली एशियाई हाथी पाए जाते हैं। प्रधानमंत्री ने देश में हाथी संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

मोदी ने कहा कि देश में 33 हाथी अभयारण्य हैं, जो हाथियों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके दीर्घकालिक संरक्षण को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने हाथी संरक्षण में योगदान देने वाले वनकर्मियों, वैज्ञानिकों, पशु चिकित्सकों, महावतों और स्थानीय समुदायों के प्रति आभार जताया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि विश्व हाथी दिवस भारत की पारिस्थितिकी विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे इस विशाल और गौरवशाली जीव के संरक्षण के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत दुनिया के 60 प्रतिशत से अधिक जंगली एशियाई हाथियों का घर है।

उन्होंने कहा कि 33 हाथी अभयारण्य हाथियों के लिए अनुकूल आवास उपलब्ध कराने के साथ संरक्षण प्रयासों को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हाथियों और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा में जुटे सभी लोगों की भूमिका की सराहना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments