जन नायकन एडवांस बुकिंग: 60 मिनट में बिके 1000 टिकट, विजय की आखिरी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स

मुंबई। अभिनेता विजय की बहुप्रतीक्षित और कथित तौर पर आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। सात महीने की देरी के बाद फिल्म को आखिरकार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसकी एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की जोरदार बिक्री देखने को मिली है।

पहले घंटे में बिके 1000 टिकट

यूके में फिल्म के वितरक अहिंसा एंटरटेनमेंट के अनुसार, बुकिंग शुरू होने के पहले 60 मिनट में ही 1000 से अधिक टिकट बिक गए। वितरक ने इसे विजय के प्रति प्रशंसकों के जबरदस्त प्यार और उत्साह का प्रमाण बताया। कंपनी ने इसे तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी विदाई बनाने की अपील भी की है।

सात महीने बाद मिली रिलीज की मंजूरी

‘जन नायकन’ को पहले जनवरी में रिलीज किया जाना था, लेकिन प्रमाणन प्रक्रिया में अड़चन आने के कारण इसकी रिलीज टल गई थी। शिकायत के बाद फिल्म समीक्षा समिति के पास भेजी गई, जहां कई कट और बदलाव के बाद इसे मंजूरी मिली।

‘ए’ प्रमाणपत्र के साथ होगी रिलीज

निर्माता केवीएन प्रोडक्शंस ने पुष्टि की है कि फिल्म को ‘ए’ प्रमाणपत्र मिला है। इसके साथ ही 24 जुलाई की रिलीज पर मुहर लग गई है। लंबे इंतजार के बाद अब प्रशंसकों में फिल्म को लेकर खासा उत्साह है।

विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है

फिल्म का निर्देशन एच. विनोद ने किया है। इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, नारायण और प्रियामणि अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। माना जा रहा है कि राजनीति में सक्रिय होने के बाद यह विजय की आखिरी फिल्म होगी, इसलिए इसे लेकर दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *