रांची। झारखंड में JPSC-JSSC में गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के 15वें दिन सरकार और छात्रों के बीच फिर बातचीत हुई। करीब डेढ़ घंटे चली इस वार्ता में कोई ठोस फैसला नहीं हो सका, लेकिन सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए राज्यभर के छात्रों और आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए jpsc.jssc.feedback@gmail.com ईमेल आईडी जारी की गई है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी
JPSC-JSSC न्याय मंच के बैनर तले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने समेत अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं। सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार, दीपिका पांडे, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव वार्ता में शामिल हुए। छात्रों ने कहा कि जब तक सभी मांगों पर फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री के सामने रखे जाएंगे सभी सुझाव
मंत्री दीपिका पांडे ने कहा कि छात्रों की मांगों और ईमेल के माध्यम से प्राप्त सुझावों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखा जाएगा। मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि NSUI समेत अन्य छात्र संगठनों से भी बातचीत की जाएगी और सभी सुझावों पर विचार करने के बाद सरकार आगे का निर्णय लेगी।


