Homeबिहारनिजी अस्पताल में भीषण आग, चार की मौत, 20 से अधिक झुलसे

निजी अस्पताल में भीषण आग, चार की मौत, 20 से अधिक झुलसे

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में सुबह करीब तीन बजे अचानक आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। कई घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आईसीयू में आग लगते ही घना धुआं पूरे अस्पताल परिसर में फैल गया, जिससे मरीजों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई लोग वार्डों में फंस गए थे, जिन्हें राहत एवं बचाव दल ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाए गए मरीजों को तत्काल आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन की टीम अस्पताल परिसर में मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने अस्पताल परिसर को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

इस बीच, बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो अस्पताल का अधिकांश स्टाफ वहां मौजूद नहीं था। इस तथ्य ने अस्पताल प्रबंधन की आपातकालीन तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments