रांची। रांची जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी जानकारी शनिवार को सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
3,893 पोलियो बूथ बनाए गए
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 3,893 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बच्चों को दवा पिलाने के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्य और निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति की गई है।
हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील
डॉ. प्रभात कुमार ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि “हर बच्चा, हर बार” के लक्ष्य को पूरा करने के लिए किसी भी पात्र बच्चे को अभियान से वंचित नहीं रहने देना चाहिए।
प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी
प्रेस वार्ता के बाद सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर पल्स पोलियो प्रचार रथ को रवाना किया। यह रथ रांची के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेगा और अधिक से अधिक अभिभावकों को बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीति चौधरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
