NEET परीक्षार्थियों को मुफ्त सफर की सुविधा, बस दिखाना होगा एडमिट कार्ड

पटना : बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राओं को एक बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, परीक्षा के दिन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की सभी सरकारी बसों में परीक्षार्थियों का आवागमन पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) रहेगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक पर इस जनहितैषी फैसले की जानकारी साझा की।

एडमिट कार्ड दिखाते ही मिलेगा फ्री टिकट

सरकार के इस आदेश के तहत, परीक्षा के दिन छात्रों को बसों में सफर करने के लिए कोई टिकट नहीं लेना होगा। उन्हें बस कंडक्टर को अपना NEET एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाना होगा। सरकार के इस कदम से न केवल छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुँचने में मदद मिलेगी, बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के अभिभावकों को भी बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

मठ-मंदिरों और NGO से भी सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा:

“जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य के सभी मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों (NGO) से मेरा आग्रह है कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।”

भीषण गर्मी को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए सरकार बेहद संवेदनशील है। सरकार ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शेड और प्राथमिक चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं, ताकि छात्र बिना किसी मानसिक और शारीरिक तनाव के परीक्षा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *