नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, तीन माह की मासूम को छोड़ गई मां

नवादा। बिहार के नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतका अपने पीछे तीन माह की मासूम बेटी को छोड़ गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

तीन माह की बेटी को पति के पास छोड़कर दूसरे कमरे में गई

मृतका की पहचान कौआकोल कोनी पर मोहल्ला निवासी कुंदन कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (21) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार देर रात सोनी अपनी तीन माह की बेटी को पति के पास सुलाकर दूसरे कमरे में चली गई थीं। मंगलवार दोपहर काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां उनका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला।

सोनी कुमारी का मायका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुठौत (प्यारेपुर) गांव में था। उनकी शादी 25 मई 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुई थी।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पति से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पूछताछ के लिए पति को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *