Homeअन्तर्राष्ट्रीयभांगर बम विस्फोट मामले में पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर एनआईए...

भांगर बम विस्फोट मामले में पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर एनआईए की छापेमारी

कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में हुए चर्चित बम विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार सुबह पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला के आवास पर छापेमारी की। भारी पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में एनआईए की टीम जीवनतला स्थित उनके घर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, लगभग 10 वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे एनआईए अधिकारियों ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। छापेमारी के समय शौकत मोल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। सूत्रों के मुताबिक, वह फिलहाल जांच एजेंसी की पहुंच से बाहर बताए जा रहे हैं।

तलाशी के दौरान एनआईए अधिकारियों ने उनके पुत्र इमरान मोल्ला को घर पर बुलाकर पूछताछ की। जांच टीम ने इमरान के साथ घर के भीतर प्रवेश कर विभिन्न दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की। इसके अलावा एजेंसी ने शौकत मोल्ला के कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान शौकत मोल्ला की पत्नी और बेटी भी आवास पर पहुंचीं। एनआईए अधिकारियों ने घर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाते हुए कई पहलुओं पर जांच की।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी विस्फोट से जुड़े दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य संभावित सबूतों की तलाश कर रही है। साथ ही घटना के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहनों से जुड़े लोगों के घरों पर भी पूछताछ की गई है।

उल्लेखनीय है कि भांगर के बामुनिया इलाके में हुए बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी और मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी।

शौकत मोल्ला वर्ष 2016 और 2021 में कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी। एनआईए की यह कार्रवाई मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments