Homeराष्ट्रीयमंगल पांडे जयंती पर नेताओं ने किया नमन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को...

मंगल पांडे जयंती पर नेताओं ने किया नमन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को किया याद

नई दिल्ली। स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत और 1857 की क्रांति के महानायक मंगल पांडे की जयंती पर रविवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने उनके साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन किया।

प्रधानमंत्री मोदी बोले- हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी शौर्यगाथा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि महान क्रांतिकारी मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए मंगल पांडे ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका साहसिक जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है और उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

ओम बिरला ने बताया स्वतंत्रता आंदोलन का प्रेरणास्रोत

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि 29 मार्च 1857 को बैरकपुर छावनी में मंगल पांडे के साहस और देशप्रेम ने विदेशी शासन की नींव हिला दी और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान असंख्य क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और आज भी देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है।

राजनाथ, अमित शाह और गडकरी ने भी किया स्मरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मंगल पांडे ने विदेशी शासन के खिलाफ क्रांति का आह्वान कर पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाई। उनका त्याग, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि मंगल पांडे ने 1857 की क्रांति का बिगुल फूंककर देश में जनचेतना का संचार किया। उनके बलिदान से प्रज्ज्वलित हुई क्रांति की चिंगारी आगे चलकर स्वतंत्रता की प्रचंड ज्वाला बनी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मंगल पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments