ऑपरेशन लंगड़ा: ₹50 हजार के दो इनामी हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार व जेवर बरामद

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मुठभेड़ों में ₹50 हजार के दो इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को घायल कर गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नगदी, चोरी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

रामगांव में फिरोज घायल, साथी फरार

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर स्वॉट टीम और रामगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि बौंडी क्षेत्र में हुई पूर्व मुठभेड़ के फरार आरोपी चोरी के सामान और हथियारों के साथ आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर फिरोज के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

कैसरगंज में मुल्कराज भी मुठभेड़ में दबोचा गया

दूसरी कार्रवाई में कैसरगंज थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने फरार आरोपी मुल्कराज को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा करने पर उसने भी फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

हथियार, जेवर और नगदी बरामद

गिरफ्तार फिरोज के पास से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, ₹2,040 नकद, सोने के दो झाले और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

चोरी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 25 जून को बौंडी में हुई कार्रवाई के बाद से यह गिरोह पुलिस के रडार पर था। दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय चोरी गिरोह को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में भी लगातार अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *