Homeक्राइममंदिर में पूजा के दौरान प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, जांच...

मंदिर में पूजा के दौरान प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र स्थित डेरा चौक पर शनिवार सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे किताब व्यवसायी एवं प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मंदिर में घात लगाकर की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद करीब से फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल श्याम कुमार कुशवाहा को स्थानीय लोगों और परिजनों ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से मिले तीन खोखे, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। परिजनों के अनुसार, मृतक को दो गोलियां लगी थीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।

जमीन कारोबार से जुड़ी रंजिश की आशंका

पुलिस के अनुसार, मृतक किताब की दुकान चलाने के साथ-साथ स्थानीय पूर्व मुखिया के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य भी करते थे। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता या जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिजनों ने अभी तक किसी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

एसएसपी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments