निजी सहायक की तलाश में अभिषेक बनर्जी के आवास पर पुलिस की छापेमारी

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर शनिवार तड़के पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उनके निजी सहायक सुमित राय की तलाश में की गई, जिसकी मोबाइल लोकेशन आखिरी बार अभिषेक बनर्जी के आवास पर मिली थी।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहुंची पुलिस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक वित्तीय अनियमितता मामले की जांच के दौरान सुमित राय का नाम सामने आया था। हाल ही में भूमि भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ के दौरान भी सुमित राय के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद तकनीकी जांच में उसके मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन कालीघाट स्थित आवास पर पाई गई।

ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई टीम

जानकारी के अनुसार शालबनी थाना पुलिस की टीम शनिवार तड़के करीब तीन बजे अभिषेक बनर्जी के पोटुआपाड़ा स्थित आवास पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बाहरी ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और पूरे घर की तलाशी ली।

पांच घंटे चली तलाशी, नहीं मिला सुमित राय

करीब पांच घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सुमित राय नहीं मिला। सुबह लगभग आठ बजे पुलिस टीम बिना किसी गिरफ्तारी के वहां से लौट गई।

ममता बनर्जी भी पहुंचीं आवास

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सुबह अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंचीं। पुलिस कार्रवाई समाप्त होने के बाद वह वहां से रवाना हो गईं। उन्होंने इस मामले पर मीडिया से कोई टिप्पणी नहीं की।

अभिषेक बोले- कुछ भी बरामद नहीं हुआ

तलाशी अभियान के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन वहां से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड रखा गया है और इसे अनावश्यक उत्पीड़न बताया।

कई मामलों में जांच का सामना कर रहे हैं अभिषेक

उल्लेखनीय है कि अभिषेक बनर्जी इन दिनों कई मामलों में जांच एजेंसियों के सवालों का सामना कर रहे हैं। विधानसभा हस्ताक्षर जालसाजी मामले में हाल ही में उनसे लंबी पूछताछ की गई थी। उन्हें 14 जून को फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जबकि 15 जून को प्राथमिक शिक्षक भर्ती अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *