बंगाल में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई है। खासकर दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण बंगाल में 50 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना और मेदिनीपुर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। वहीं उत्तर और दक्षिण 24 परगना, बीरभूम, नदिया तथा पूर्व मेदिनीपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी कोलकाता में भी दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी बारिश का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है, जबकि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भी तेज बारिश हो सकती है। इन जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी वाली हवाओं के कारण राज्य में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *